पूरनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा ट्रक की टक्कर से दंपत्ति की मौत, चार मासूम हुए बेसहारा
पीलीभीत। जनपद के दियोरिया कला क्षेत्र निवासी दंपत्ति की पूरनपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, दियोरिया कला निवासी नन्हे (पुत्र रामचंद्र) अपनी पत्नी लौंग श्री के साथ पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेरपुर में रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय पिपरिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पूरनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दंपत्ति अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं—14 वर्षीय नैतिक, 12 वर्षीय नेहा, 6 वर्षीय काव्या और 5 वर्षीय वीरू। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, विधिक कार्यवाही जारी है।