
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
What's Hot
बरेली मंडला आयुक्त की अध्यक्षता में बमनपुर भागीरथ में जनसंवाद कार्यक्रम का किया गया आयोजन
बाढ़ के स्थाई समाधान के साथ क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
मंडलाआयुक्त ने की गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व वितरित की बेबी किट
पीलीभीत आयुक्त बरेली मंडल बरेली शंभू कुमार की अध्यक्षता में ग्राम बमनपुर भागीरथ में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, बाढ़ एवं शारदा नदी के कटान की स्थिति तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान डीसी मनरेगा द्वारा ग्राम पंचायत में संचालित विकास कार्यों एवं पंचायत की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वीबी-जी राम जी, विभिन्न पेंशन योजनाओं, खाद्य सुरक्षा एवं अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की संख्या की जानकारी दी गई। आयुक्त महोदय द्वारा लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इस के साथ ही उन्होंने गर्भवती महिला की गोदभराई की व बेबी किट प्रदान की।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की समस्या के स्थाई समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धनाराघाट पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति प्राप्त होगी।
जनसंवाद के दौरान ग्रामवासियों ने शारदा नदी के कटान, भूमि संबंधी समस्याओं तथा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने एएनएम की तैनाती सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
आयुक्त शंभू कुमार ने बाढ़ से बचाव के लिए की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पशु शरणालयों, राहत शिविरों की व्यवस्थाओं तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्रामवासियों को उपलब्ध कराए जा रहे शासन की योजनाओं के लाभ की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था के लिए किए गए कार्यों की भी जानकारी ली गई।
शिक्षा व्यवस्था के संबंध में आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उचित प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने तथा कौशल विकास के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
आयुक्त ने कहा कि वृद्धजन एवं निराश्रित महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा संबंधित विभाग सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव, सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र,मुख्य चिकित्सा अधिकारी भुवन चंद्र पंत, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रसून द्विवेदी, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी पूरनपुर, लेखपाल, सचिव, ग्राम प्रधान, ग्रामीण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
