पीलीभीत में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का एकदिवसीय अधिवेशन सम्पन्न, नई कार्यकारिणी का गठन
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की जनपद शाखा का एकदिवसीय अधिवेशन रविवार को गांधी प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हशमुद्दीन खां ने की। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिवेशन में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को पगड़ी पहनाकर व बैज लगाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष एस.पी. तिवारी समेत कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, एकता और कर्मचारी हितों की रक्षा पर जोर दिया। अधिवेशन के दौरान प्रांतीय महामंत्री की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें संजय कुमार तोमर को जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि सुधीर कुमार को जिला मंत्री और रामकिशोर सहित कई पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राजवीर सिंह को कोषाध्यक्ष तथा हरिपाल सिंह व जाकिर अली को संगठन मंत्री बनाया गया। कार्यक्रम में हशमुद्दीन खां ने संगठन की एकता व अखंडता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कर्मचारियों से परिषद को मजबूत करने की अपील की। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संजय कुमार तोमर ने कहा कि सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर बिना भेदभाव के अपने अधिकारों के लिए कार्य करना होगा। प्रांतीय अध्यक्ष एस.पी. तिवारी ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाते हुए शुभकामनाएं दीं और हशमुद्दीन खां के योगदान की सराहना की। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह व शॉल देकर सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ अधिवेशन का समापन हुआ।