मरौरी ब्लॉक में नारी शक्ति सम्मेलन सम्पन्न, 33% आरक्षण पर जोर फिर भी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर उठे सवाल युवा हस्ताक्षर ब्यूरो पीलीभीत।बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के मरौरी ब्लॉक सभागार में भारतीय जनता पार्टी के नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य रहे। गोकुल प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए 33% आरक्षण का निर्णय ऐतिहासिक है, जो राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा देगा। ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का कार्य किया गया है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिला उपाध्यक्ष रेखा परिहार ने कहा कि संसद में महिलाओं की 33% भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत और संतुलित होगा। शासन-नामित महिला सभासद पंकज तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, अपितु राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी भी है। किसी भी समाज की प्रगति का वास्तविक आकलन वहाँ की महिलाओं की स्थिति, शिक्षा और स्वावलंबन से किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना है। परंतु इन योजनाओं की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़ी प्रत्येक महिला तक पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचे। पंकज तिवारी ने विशेष रूप से बल देते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। शिक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास ही वह माध्यम हैं, जिनसे नारी अपने व्यक्तित्व को पूर्णता प्रदान कर सकती है। अंत में उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल नारों और आयोजनों तक सीमित न रहकर, व्यवहारिक रूप में समाज के प्रत्येक स्तर पर दिखाई देना चाहिए—तभी एक सशक्त और समतामूलक राष्ट्र का निर्माण संभव है। हालांकि, सम्मेलन के बीच बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर भी सवाल उठते नजर आए। कई उपस्थित महिलाओं में ही अपनी बेटियों की शिक्षा एवं भविष्य की चिन्ता दिखी बल्कि वह सभी आपस में कानाफूसी करती नजर आईं। इसलिए बेशक यह भी विचारणीय है कि कागजों और मंचों पर योजनाओं की सफलता के दावे भले ही किए जा रहे हों, लेकिन हकीकत में आज भी कई क्षेत्रों में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण अधूरा है। यही कारण है कि जगह -जगह सवाल उठते हैँ कि आखिर कार्यक्रमों, कागजों, फोटो और वीडियो के इस धोखा देने बाले दौर में—बेटियों की वास्तविक स्थिति पर जोरदार आवाज कौन बुलंद करेगा? इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता आयुष मिश्रा जिला मंत्री रेनू राज, पंकज तिवारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष गीता मिश्रा, अनीता चौधरी सहित कई कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।