मुख्यमंत्री वंदन योजना के तहत वार्ड 15 में विकास की सौगात, गौरी शंकर मंदिर मार्ग हुआ आधुनिक सुविधाओं से लैस
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने वार्ड 15 के मोहल्ला खकरा में मुख्यमंत्री वंदन योजना के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। लोकार्पित कार्यों में ऐतिहासिक श्री गौरी शंकर मंदिर को जाने वाले प्रमुख मार्गों का सीसी रोड निर्माण, मार्गों पर आधुनिक लाइट पोल की स्थापना, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर लगवाए जाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से अब मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भी काफी सहूलियत होगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र एवं विभाग संचालक ओमप्रकाश जी की विशेष उपस्थिति रही। डॉ. आस्था अग्रवाल ने अतिथियों के साथ शिलापट्ट का अनावरण कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। शिलापट्ट अनावरण के पश्चात संघ के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व नगर पालिका अध्यक्ष ने नव निर्मित सड़कों का निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया। इसके बाद सभी अतिथि श्री गौरी शंकर मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से भगवान का जलाभिषेक कर नगर एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर सभासद वतनदीप मिश्रा, साकेत सक्सेना, विपिन गंगवार, निर्मल सिंह, सुनीता सिंह, राशिद हुसैन, मोहन स्वरूप, मोनू मिश्रा, अनस अंसारी, प्रदीप मिश्रा, रामजी नाथ सक्सेना, डॉ. वरुण कपूर सहित अनेक गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।